डिग्री की खुशी या सिस्टम का गुस्सा?: जयपुर दीक्षांत समारोह में छात्रा का तंज बना राष्ट्रीय बहस
जयपुर स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में उस वक्त माहौल अचानक बदल गया, जब एक छात्रा ने मंच से ही यूनिवर्सिटी प्रशासन पर तीखा तंज कस दिया।
डिग्री लेने पहुंची छात्रा सारा इस्माइल ने राजस्थान के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा के सामने कहा— “बेइज्जती करके इज्जत देने का बहुत-बहुत शुक्रिया।” इस बयान के बाद कार्यक्रम में कुछ समय के लिए असहज स्थिति बन गई।
क्या था पूरा विवाद?
जानकारी के मुताबिक, इस समारोह में कुल 271 छात्रों को डिग्री दी जानी थी, लेकिन कार्यक्रम के दौरान केवल गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया जा रहा था। बाकी छात्रों को मंच पर न बुलाए जाने से नाराजगी बढ़ गई, जो आखिरकार इस विरोध के रूप में सामने आई।
छात्रा की सफाई: “यह मेरी नहीं, सबकी आवाज”
घटना के बाद वायरल वीडियो के बीच सारा इस्माइल ने सामने आकर अपनी बात रखी।
उन्होंने कहा कि: यह उनका व्यक्तिगत गुस्सा नहीं था, बल्कि सभी छात्रों और उनके माता-पिता के अपमान के खिलाफ एक सामूहिक आवाज थी, उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष का अपमान करना नहीं, बल्कि समस्या की ओर ध्यान दिलाना था |



