सादगी और जनसंपर्क की मिसाल बना CM का जन्मदिन: किसान परिवार संग मनाया 61वां जन्मदिन

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने 61वें जन्मदिन पर सादगी, संवेदनशीलता और जनसंपर्क की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी पूरे प्रदेश में चर्चा हो रही है। 25 मार्च को जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने किसी औपचारिक कार्यक्रम या भव्य आयोजन के बजाय सागर जिले के मोइली गांव पहुंचकर एक किसान परिवार के साथ समय बिताया और उनके घर पर बैठकर सादा पारंपरिक भोजन किया।
मुख्यमंत्री का यह दौरा न केवल मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा था, बल्कि यह सरकार की उस सोच को भी दर्शाता है जिसमें जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझना और समाधान करना प्राथमिकता है।
किसान हरि रैकवार के निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया
दरअसल, मोइली गांव के किसान हरि रैकवार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया था। मुख्यमंत्री ने इस निमंत्रण को सहर्ष स्वीकार किया और सीधे उनके खेत व घर पहुंच गए।
सीएम के अचानक गांव पहुंचने से किसान परिवार और ग्रामीणों में खुशी और भावुकता का माहौल बन गया। गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया और उनके सादगी भरे व्यवहार की सराहना की।




