मिडिल-ईस्ट युद्ध की आंच भारत तक: मुंबई-जयपुर में होटल बंद

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का असर अब भारत की अर्थव्यवस्था और रोजमर्रा की जिंदगी पर साफ दिखाई देने लगा है। अंतरराष्ट्रीय गैस आपूर्ति बाधित होने के कारण देश में एलपीजी (LPG) संकट गहराता जा रहा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि कई शहरों में होटल और रेस्टोरेंट बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।
तेल कंपनियों द्वारा कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दिए जाने से फूड इंडस्ट्री में हड़कंप मच गया है। मुंबई, जयपुर, चेन्नई, बेंगलुरु और पुडुचेरी जैसे शहरों में गैस की कमी के कारण होटल व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और हजारों कर्मचारियों की रोज़ी-रोटी पर भी संकट मंडरा रहा है।
जयपुर में 50 हजार होटल-रेस्टोरेंट संकट में
राजस्थान की राजधानी जयपुर में कमर्शियल गैस की भारी किल्लत देखने को मिल रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक गैस की सप्लाई बाधित होने के कारण यहां करीब 50 हजार से ज्यादा होटल और रेस्टोरेंट बंद होने के कगार पर हैं। होटल संचालकों का कहना है कि बिना गैस के भोजन तैयार करना संभव नहीं है, जिससे व्यापार पूरी तरह ठप पड़ने की आशंका है।
पुडुचेरी में 750 होटल बंद होने का खतरा
पुडुचेरी में भी हालात बेहद गंभीर हो गए हैं। यहां कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की सप्लाई लगभग पूरी तरह बंद हो गई है। पुडुचेरी होटल ओनर्स एसोसिएशन के अनुसार: राज्य के 99 प्रतिशत रेस्टोरेंट गैस सिलेंडरों पर निर्भर हैं। करीब 750 होटल बंद होने के खतरे में हैं। कई बड़े होटलों ने अपने मेनू में कटौती कर दी है। अब ग्राहकों को दोपहर के भोजन में सीमित विकल्प दिए जा रहे हैं, जिनमें सिर्फ ‘कूटू’ या ‘पोरियाल’ जैसे व्यंजन ही परोसे जा रहे हैं।









