मिडिल ईस्ट में बढ़ता सैन्य तनाव: अमेरिका ने दिखाया B-1B लांसर का दम

मध्य पूर्व में जारी तनाव के बीच अमेरिका ने अपनी सैन्य ताकत का बड़ा प्रदर्शन किया है। यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें शक्तिशाली B-1B Lancer बॉम्बर मिडिल ईस्ट के ऊपर उड़ान भरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
यह उड़ान ऑपरेशन “Epic Fury” का हिस्सा बताई जा रही है, जिसके तहत अमेरिका और इजरायल ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान चला रहे हैं।
सोशल मीडिया पर साझा किए गए इस फुटेज में लंबी दूरी के बॉम्बर मिशन पर उड़ते नजर आते हैं। वॉशिंगटन का कहना है कि वह ईरान के सैन्य ढांचे और रणनीतिक ठिकानों को निशाना बनाते हुए हवाई अभियान जारी रखे हुए है।
ऑपरेशन “Epic Fury” क्या है?
सूत्रों के अनुसार ऑपरेशन एपिक फ्यूरी फरवरी के अंत में शुरू हुआ था। इस अभियान के दौरान अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर समन्वित हमले किए। इस अभियान के बाद से पूरे खाड़ी क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ रहा है। इसी वजह से अमेरिका ने अपनी वायु और नौसैनिक संपत्तियों को मध्य पूर्व में बड़े पैमाने पर तैनात कर दिया है।
ब्रिटेन में उतरा अमेरिकी B-1 लांसर बॉम्बर
ताजा घटनाक्रम में अमेरिका का 146 फीट लंबा B-1 लांसर बॉम्बर ब्रिटेन के ग्लॉस्टरशायर स्थित RAF Fairford एयरबेस पर उतरा है।
यह एयरबेस यूरोप में अमेरिका के लिए एक फॉरवर्ड ऑपरेटिंग लोकेशन माना जाता है और इसका उपयोग लंबे समय से भारी बमबारी अभियानों के लिए किया जाता रहा है। ब्रिटेन ने अमेरिका को RAF Fairford और हिंद महासागर में स्थित Diego Garcia सैन्य अड्डे के इस्तेमाल की अनुमति दे दी है, जिससे अमेरिका को ईरान के खिलाफ ऑपरेशन चलाने में रणनीतिक बढ़त मिल सकती है।









