देवरिया में गैस संकट से हाहाकार: भाटपार रानी में सुबह 3 बजे से लाइन में खड़े लोग
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपार रानी नगर से सामने आई तस्वीरें आम लोगों की भारी परेशानी को उजागर कर रही हैं। यहां भारत गैस एजेंसी के बाहर गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
कई लोग घंटों से लाइन में खड़े हैं, तो कुछ लोग सिलेंडर लेकर सड़क किनारे बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में रसोई गैस की भारी किल्लत हो गई है, जिसकी वजह से आम उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुबह 5 बजे से लगी कतारें, महिलाओं और बुजुर्गों की भीड़
भाटपार रानी के छोटका गांव स्थित रमेश भारत गैस गोदाम पर शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे से ही गैस उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं।
इन कतारों में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी शामिल थे। कई उपभोक्ताओं ने बताया कि वे कई घंटों से इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिर भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।
एक उपभोक्ता विकास ने बताया: “मैं सुबह 8:30 बजे से बिना कुछ खाए-पिए लाइन में लगा हूं, लेकिन अभी तक गैस नहीं मिली है।”
कालाबाजारी के आरोप, दो दिनों से बंद होम डिलीवरी
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि इलाके में गैस की कालाबाजारी हो रही है। उनका कहना है कि पिछले दो-तीन दिनों से होम डिलीवरी भी बंद है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि कई बार गैस की गाड़ियां आने की सूचना मिलती है, लेकिन उनमें सिलेंडर नहीं होता।
हालांकि रमेश गैस एजेंसी के मालिक धनेश यादव ने गैस की किल्लत से इनकार करते हुए कहा: “एक ही दिन इतने सारे लोग आ जाएंगे तो गैस कहां से देंगे? लोग यहां न आएं, गैस उनके घर पहुंच जाएगी।”



