JNU Protest Case: कैंपस में छात्रों ने मनाया जश्न
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में चल रहे प्रदर्शन के बीच गिरफ्तार किए गए 14 छात्रों को बड़ी राहत मिली है। पटियाला हाउस कोर्ट ने सभी छात्रों को जमानत देते हुए तुरंत रिहा करने का आदेश दिया है। अदालत ने सभी आरोपियों को 25 हजार रुपये के निजी मुचलके पर जमानत दी है।
इस फैसले के बाद JNU कैंपस में छात्रों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई और कई छात्र संगठनों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों की जीत बताया।
JNU ‘लॉन्ग मार्च’ के दौरान हुई थी गिरफ्तारी
जानकारी के अनुसार, यूजीसी के नए नियमों के खिलाफ JNU में छात्र संगठन पिछले कई दिनों से प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान छात्रों ने इंडिया गेट की ओर “लॉन्ग मार्च” निकाला था। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि करीब 300 प्रदर्शनकारी बिना अनुमति मार्च निकाल रहे थे। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद कथित रूप से छात्रों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और झड़प हुई।
पुलिस के मुताबिक इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए। इसके बाद 14 छात्रों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस ने मांगी थी न्यायिक हिरासत
पटियाला हाउस कोर्ट में सुनवाई के दौरान दिल्ली पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग की थी।
पुलिस का कहना था कि: प्रदर्शन शांतिपूर्ण नहीं था, आरोपियों ने पुलिस अधिकारियों पर हमला किया, बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की गई, जांच को आगे बढ़ाने के लिए हिरासत जरूरी है, पुलिस ने यह भी बताया कि इससे पहले भी प्रदर्शन के दौरान चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं।




