अहिल्यानगर में 11 साल की बच्ची पर एसिड अटैक: स्कूल से लौटते समय दरिंदगी

अहिल्यानगर जिले के संगमनेर तहसील के वडगांव पान गांव से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां छठी कक्षा में पढ़ने वाली 11 साल की छात्रा पर एक अज्ञात हमलावर ने तेजाब फेंक दिया। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।
स्कूल से लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, छात्रा स्कूल खत्म होने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रही थी, जो स्कूल से करीब 3-4 किलोमीटर दूर है। रास्ते में खेतों के बीच एक कच्चे रास्ते पर बाइक सवार एक अज्ञात युवक ने उसे रोका। आरोपी ने पहले पता पूछने का बहाना किया और जैसे ही बच्ची रुकी, उसने उसके चेहरे पर तेजाब जैसा खतरनाक पदार्थ फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
बुरी तरह झुलसी बच्ची, किसी तरह स्कूल पहुंची
हमले के बाद बच्ची दर्द से चीखती हुई किसी तरह वापस अपने स्कूल पहुंची। वहां मौजूद शिक्षकों ने तुरंत प्राथमिक उपचार दिया और उसे लोणी के प्रवरानगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची करीब 7% तक झुलस गई है, हालांकि उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पीड़ित छात्रा बेहद गरीब परिवार से है। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और वह अपनी मां व दादा-दादी के साथ रहती है। मां मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती है। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार सदमे में है और न्याय की मांग कर रहा है।








