मुरादाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात: मां पर भी किया जानलेवा हमला

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। मझोला थाना क्षेत्र की बुद्धि विहार कॉलोनी में एक युवक ने अपनी ही जुड़वां बहन की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने अपनी मां पर भी जानलेवा हमला किया।
इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक हार्दिक ब्रेकअप के बाद गहरे डिप्रेशन और गुस्से में था और उसे शक था कि उसके रिश्ते के टूटने के पीछे उसकी मां और बहन का हाथ है।
होली पर घर आए थे भाई-बहन
जानकारी के मुताबिक, हार्दिक और उसकी जुड़वां बहन हिमशिखा गुरुग्राम में रहते थे और नौकरी करते थे। होली का त्योहार मनाने के लिए दोनों मुरादाबाद स्थित अपने घर आए थे। परिवार के लोग इस बात से पूरी तरह अनजान थे कि कुछ ही दिनों में यह खुशी का माहौल एक खौफनाक त्रासदी में बदल जाएगा। शुक्रवार को दोनों भाई-बहन को वापस गुरुग्राम लौटना था। हिमशिखा ने अपना बैग भी पैक कर लिया था और मां के घर आने का इंतजार कर रही थी।
बहन पर 40 से ज्यादा बार किया चाकू से हमला
दोपहर करीब डेढ़ बजे हार्दिक रसोई में गया और वहां से एक बड़ा चाकू उठाकर अपनी बहन पर अचानक हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपनी बहन के गर्दन, चेहरे, पीठ और पेट पर 40 से ज्यादा बार चाकू से वार किए। घर के बरामदे, रसोई और कमरे में खून फैला मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हिमशिखा ने अपनी जान बचाने के लिए काफी संघर्ष किया। हत्या के बाद आरोपी ने शव को कंबल में लपेटकर बिस्तर पर रख दिया।








