PNB बैंक लॉकर से करोड़ों के जेवरात गायब?: पुलिस कर रही जांच
राजधानी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की शाखा में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने अपने बैंक लॉकर से करोड़ों रुपये के सोने के गहने गायब होने का सनसनीखेज आरोप लगाया। घटना के बाद बैंक परिसर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई और अन्य लॉकर धारक भी घबराकर अपने-अपने लॉकर की जांच कराने पहुंचने लगे।
शिकायतकर्ता ने बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में खोला लॉकर
दिल्ली पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता महिला अपनी सास के साथ मंगलवार को कीर्ति नगर के टैगोर मार्केट स्थित बैंक शाखा में लॉकर का उपयोग करने पहुंची थीं। यह लॉकर दोनों के नाम पर संयुक्त रूप से दर्ज था।
बैंक अधिकारियों की मौजूदगी में निर्धारित प्रक्रिया के तहत लॉकर खोला गया। लेकिन जब लॉकर खोला गया तो शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसमें रखे सोने के गहने गायब हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत बैंक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
RBI नियमों के अनुसार खुलता है बैंक लॉकर
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशानिर्देशों के अनुसार बैंक लॉकर खोलने के लिए दोहरी कुंजी प्रणाली (Dual Key System) का उपयोग किया जाता है। इसमें एक चाबी ग्राहक के पास होती है और दूसरी बैंक के पास। दोनों चाबियों के बिना लॉकर नहीं खुल सकता। इस वजह से मामला और भी संवेदनशील हो गया क्योंकि सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद गहने गायब होने का दावा किया गया।








