दिल्ली के उत्तम नगर में सनसनीखेज हत्याकांड: दिल्ली के उत्तम नगर में युवक तरुण की मौत

राजधानी दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन हुई एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि 26 वर्षीय युवक तरुण की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस मामले में अब तक एक नाबालिग समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं दिल्ली नगर निगम (MCD) ने मुख्य आरोपी से जुड़ी अवैध संपत्ति पर बुलडोजर चलाकर सख्त संदेश देने की कोशिश की है।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
जानकारी के मुताबिक घटना 4 मार्च की रात होली के दौरान उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में हुई। बताया जा रहा है कि तरुण के घर की 11 वर्षीय बच्ची छत से रंग भरे गुब्बारे फेंक रही थी। इसी दौरान एक गुब्बारा रास्ते से गुजर रही एक महिला पर जा गिरा। इस बात को लेकर महिला और तरुण के परिवार के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
हालांकि परिवार की ओर से माफी भी मांगी गई, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। कुछ समय बाद महिला के परिवार के कई लोग डंडे, क्रिकेट बैट और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे और विवाद हिंसक झड़प में बदल गया।
भीड़ ने किया हमला, तरुण की हुई मौत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने तरुण पर जमकर हमला किया। उसे डंडों, बैट और लोहे की रॉड से पीटा गया। इतना ही नहीं, बताया जा रहा है कि आरोपियों ने एक बड़ा पत्थर उठाकर उसकी छाती पर भी वार किया। गंभीर हालत में तरुण को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें कुछ लोग युवक को बुरी तरह पीटते दिखाई दे रहे हैं।








