श्रावस्ती हत्याकांड: किसान नेता आंचल मिश्रा की प्रेमी ने की बेरहमी से हत्या

उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले से एक बेहद सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां महिला किसान नेता आंचल मिश्रा की हत्या उनके ही कथित प्रेमी सूरज वर्मा ने कर दी। हत्या के लगभग 15 दिन बाद पुलिस को मल्हीपुर थाना क्षेत्र के ककरदरी रेंज के जंगल से उनका कंकाल बरामद हुआ। इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है और सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
जंगल में मिला महिला किसान नेता का कंकाल
श्रावस्ती जिले के बांसगढ़ी फत्तेपुर बनगई गांव की रहने वाली आंचल मिश्रा किसान यूनियन (अराजनैतिक) की महिला विंग की जिलाध्यक्ष थीं। 17 फरवरी 2026 को वह घर से यह कहकर निकली थीं कि वह भिनगा में किसान यूनियन की बैठक में शामिल होने जा रही हैं।
लेकिन उसके बाद वह रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं। परिवार ने कई दिनों तक उनकी तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो 19 फरवरी को मल्हीपुर थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। करीब दो सप्ताह बाद 3 मार्च को ककरदरी जंगल में ग्रामीणों ने जले हुए कपड़े और मानव कंकाल देखा। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर शव की पहचान आंचल मिश्रा के रूप में हुई।
प्रेम प्रसंग और ब्लैकमेलिंग बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि आंचल मिश्रा और गांव के ही रहने वाले सूरज वर्मा के बीच पिछले करीब पांच महीनों से प्रेम संबंध थे। आरोपी के अनुसार, आंचल उससे लगातार पैसों की मांग करती थीं और पैसे न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती थीं। सूरज ने पुलिस को बताया कि वह अपनी जमीन बेचकर उसे लगभग एक लाख रुपये दे चुका था, लेकिन पैसों की मांग लगातार बढ़ती जा रही थी। इसी बात से परेशान होकर उसने आंचल को रास्ते से हटाने की योजना बना ली।








