परिवार ने अपनाया सनातन धर्म: महदी अली बने अनुज प्रताप सिंह
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में एक परिवार के धर्म परिवर्तन की घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। सराय अकिल थाना क्षेत्र के पुरखास गांव निवासी महदी अली राजपूत ने अपनी पत्नी और बेटी के साथ हिंदू धर्म अपना लिया है। यह पूरा अनुष्ठान मंझनपुर स्थित प्राचीन दुर्गा मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।
नाम बदला, पहचान बदली
धर्म परिवर्तन के बाद महदी अली ने अपना नाम बदलकर अनुज प्रताप सिंह रख लिया है। उनकी पत्नी सायमा अब सौम्या अनुज सिंह और तीन साल की बेटी उर्वा का नाम उर्विजा अनुज सिंह रखा गया है। परिवार ने सार्वजनिक रूप से हिंदू रीति-रिवाजों का पालन करने की घोषणा की है।
हवन-पूजन और वैदिक विधि से दीक्षा
मंदिर परिसर में हवन, पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे विधि-विधान से धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी की गई। इस दौरान पत्नी का सिंदूरदान भी कराया गया और परिवार ने सनातन परंपराओं का पालन करने का संकल्प लिया।
‘पहले भी थे हिंदू, अब हुई वापसी’
परिवार के मुखिया अनुज प्रताप सिंह ने बताया कि वे पहले हिंदू थे, लेकिन कुछ समय पूर्व उन्होंने मुस्लिम धर्म स्वीकार कर लिया था। अब उन्हें अपनी गलती का एहसास हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुनः सनातन धर्म अपनाने का निर्णय लिया।







